सारण के 70 बच्चे मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत इलाज के लिए रवाना
सारण, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिले के उन परिवारों के लिए आज उम्मीद की नई किरण जागी है जिनके बच्चे जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत कुल 70 बच्चों को आज बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया। इन बच्चों को एम्बुलेंस के माध्यम से इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान पटना रवाना किया गया, जहाँ से उन्हें सत्य साईं अस्पताल, अहमदाबाद द्वारा आयोजित विशेष शिविर में ले जाया जाएगा। वहाँ विशेषज्ञों द्वारा बच्चों की विस्तृत जाँच की जाएगी और आवश्यकतानुसार उनकी निःशुल्क सर्जरी संपन्न होगी।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि बच्चों के आने-जाने से लेकर इलाज तक का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है, ताकि इन मासूमों को एक स्वस्थ भविष्य मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

