टीएनबी कॉलेज में छह दिवसीय एफडीपी का आगाज, भारतीय ज्ञान परंपरा पर हुआ मंथन
भागलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। तेज नारायण बनैली महाविद्यालय में गुरुवार को छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का विधिवत उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सामाजिक विज्ञान की संकायाध्यक्ष प्रो. अर्चना कुमारी साह, मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो. स्नेहलता दास, डीएसडब्ल्यू प्रो. अमरकांत सिंह, विश्वविद्यालय एफडीपी सेल के सहायक नोडल अधिकारी प्रो. पूर्णेन्दु शेखर, मुख्य वक्ता प्रो. जंग बहादुर पांडेय, प्राचार्य प्रो. दीपो महतो एवं एफडीपी सेल के कोऑर्डिनेटर डॉ. राजीव कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय में प्रिंसिपल चीफ कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स सुकेश प्रसाद सिंह तथा भागलपुर इनकम टैक्स के जोनल अकाउंट ऑफिसर मनोज पंजियार शामिल हुए और प्रतिभागियों को संबोधित किया। प्राचार्य प्रो. दीपो महतो ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक आयोजनों की वास्तविक सफलता इससे प्राप्त ज्ञान और अनुभव के भविष्य में किए जाने वाले व्यावहारिक उपयोग में निहित है।
वहीं, कोऑर्डिनेटर डॉ. राजीव कुमार सिंह ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण शिक्षण प्रक्रिया को अधिक गुणवत्तापूर्ण, नवाचारी और भारतीय ज्ञान परंपरा से समृद्ध बनाएगा। उद्घाटन एवं द्वितीय सत्र के मुख्य वक्ता के रूप में रांची विश्वविद्यालय के प्रख्यात विद्वान प्रो. जंग बहादुर पांडेय ने वैदिक साहित्य, दर्शन और प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा के गौरवशाली पक्षों को रेखांकित किया।
उन्होंने आदर्श शिक्षक के गुणों और नीतिशास्त्र पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि एक आदर्श शिक्षक अपने व्यवहार से छात्रों को प्रेरित करता है और समाज निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वही शिक्षक सर्वोत्तम है, जिसमें ज्ञान की अनुभूति और अभिव्यक्ति दोनों की प्रधानता हो। अंतिम सत्र में प्रयागराज विश्वविद्यालय के डॉ. ऋषि कांत पांडेय ने भारतीय ज्ञान परंपरा के विस्तृत स्वरूप पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि ज्ञान, सत्य और मूल्य मिलकर ही भारतीय ज्ञान परंपरा का निर्माण करते हैं, साथ ही उन्होंने ज्ञान और बुद्धि के सूक्ष्म अंतर को समझाया। इसके अतिरिक्त, सहायक नोडल अधिकारी प्रो. पूर्णेन्दु शेखर ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचारी शिक्षण पद्धतियों पर अपने विचार साझा कर शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।
इस छह दिवसीय कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों एवं स्नातकोत्तर विभागों से चयनित 50 प्रतिभागी शिक्षक हिस्सा ले रहे हैं। मंच का सफल संचालन डॉ. जनक कुमारी श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक कोऑर्डिनेटर डॉ. रविशंकर कुमार चौधरी ने दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

