छह युवकों की मौत के मामले में मुआवजा-सरकारी नौकरी की मांग

WhatsApp Channel Join Now
छह युवकों की मौत के मामले में मुआवजा-सरकारी नौकरी की मांग


सुपौल, 22 नवंबर (हि.स.)। सुपौल के पिपरा प्रखंड की थुमहा पंचायत के छह युवकों की अररिया जिले के बीडी पुल पर हुए सड़क हादसे में मौत के बाद उनके परिवारों के सामने भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई का संकट खड़ा हो गया है। इसी को लेकर शनिवार को मिनत रहमानी ने डीएम सावन कुमार को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया है कि 18 नवंबर की देर रात अररिया जिले के बीडी पुल पर भीषण सड़क हादसा हुआ था। इसमें थुमहा पंचायत के वार्ड संख्या-09 के छह युवकों की मौत हो गई थी। सभी युवक तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। हादसे के बाद छह परिवारों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

मिनत रहमानी ने डीएम से अनुरोध किया कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक युवक के आश्रित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने के लिए सरकार से अनुशंसा की जाए। साथ ही प्रत्येक पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की दिशा में पहल करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि मृतकों के परिवार बेहद गरीब हैं। परिवार के कमाऊ सदस्यों की असमय मौत से बच्चों की पढ़ाई, भरण-पोषण और भविष्य की जिम्मेदारियों को लेकर गंभीर संकट पैदा हो गया है। ऐसे कठिन समय में सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मानवीय आधार पर सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story