पांच दिवसीय उमंग उत्सव का भव्य समापन, क्रिकेट फाइनल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
पांच दिवसीय उमंग उत्सव का भव्य समापन, क्रिकेट फाइनल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां


सुपौल, 25 नवंबर (हि.स.)। सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित पांच दिवसीय कॉलेज स्तरीय उत्सव ‘उमंग 2026’ का बुधवार को उत्साह और उल्लास के बीच भव्य समापन हुआ। 21 नवंबर से शुरू हुए इस उत्सव के अंतिम दिन खेल प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

क्रिकेट का फाइनल मुकाबला और विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह के मुख्य आकर्षण रहे। विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ खेल, संस्कृति, साहित्य और बौद्धिक गतिविधियों को बढ़ावा देना था। अंतिम दिन क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। वहीं कॉलेज के कल्चरल क्लब के विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। उत्सव के पांच दिनों के दौरान क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, शतरंज, कबड्डी और एथलेटिक्स सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा निबंध लेखन, वाद-विवाद, क्विज, ग्रुप डिस्कशन, पोस्टर पेंटिंग और गायन जैसी प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा के साथ रचनात्मक और बौद्धिक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

उल्लेखनीय है कि उमंग 2026 का शुभारंभ 21 नवंबर को कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एएन मिश्रा ने रिबन काटकर किया था। पांच दिनों तक चले इस आयोजन में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगे प्रमंडल स्तरीय उमंग प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

आयोजन को यादगार बनाने में कॉलेज के मीडिया सेल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। मीडिया सेल की टीम ने उत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलकियों को रिकॉर्ड कर उनका संकलन किया। इसमें समन्वयक सौरभ वर्मा, आनंद कुमार, अभिषेक कुमार, अमित कुमार, आनंद कुमार, अभिलाषा कुमारी, साक्षी कुमारी एवं तनिष्क कुमार ने योगदान दिया। फैकल्टी एडवाइजर पंकज सर के मार्गदर्शन में मीडिया सेल ने पूरे आयोजन की यादगार झलकियों को संकलित किया।

आर्ट एंड क्राफ्ट क्लब के सदस्यों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक कौशल से आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया। इससे कॉलेज परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। इस आयोजन को सफल बनाने में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एएन मिश्रा, सैक इंचार्ज आनंद प्रकाश, अर्जुन कुमार महतो, डॉ. चंद्रशेखर कुमार, मोहर पाठक, जय कुमार, मोहम्मद वारिस सेनान सहित सभी प्राध्यापकों और विभिन्न क्लबों के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

उमंग 2026 का समापन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। उत्सव ने पढ़ाई के साथ खेल, कला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व को भी रेखांकित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783090 Articles

Share this story