ऑपरेशन मुस्कान के तहत 59 लोगों को लौटाए गए खोए मोबाइल

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन मुस्कान के तहत 59 लोगों को लौटाए गए खोए मोबाइल


भागलपुर, 14 मई (हि.स.)। भागलपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाने का अभियान लगातार जारी है।

इसी कड़ी में गुरुवार को भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 59 मोबाइल फोन उनके धारकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल दोबारा मिल पाएगा लेकिन पुलिस की पहल से उनका भरोसा मजबूत हुआ है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर सेल और तकनीकी टीम की मदद से विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है। इसके बाद आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया गया।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत थाना या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। ऑपरेशन मुस्कान के जरिए भागलपुर पुलिस लगातार लोगों के खोए मोबाइल बरामद कर उन्हें वापस सौंप रही है। जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story