551 आदर्श विद्यालयों का हुआ लोकार्पण, राघोपुर का हुलास विद्यालय बना शिक्षा का नया मॉडल

WhatsApp Channel Join Now
551 आदर्श विद्यालयों का हुआ लोकार्पण, राघोपुर का हुलास विद्यालय बना शिक्षा का नया मॉडल


551 आदर्श विद्यालयों का हुआ लोकार्पण, राघोपुर का हुलास विद्यालय बना शिक्षा का नया मॉडल


सुपौल, 19 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल के तहत रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय से राज्य के 551 आदर्श विद्यालयों का रिमोट लाइव के माध्यम से उद्घाटन किया। इस अवसर पर राघोपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, हुलास (सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय) का भी लोकार्पण किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने फिता काटकर उद्घाटन किया तथा मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उत्साह का माहौल बना रहा। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की। बच्चों की रचनात्मकता और नवाचार को देखकर उनके चेहरे पर खुशी झलक उठी।

कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुनील कुमार देव, शिक्षा प्रेमी रविन्द्र विश्वास, कनीय अभियंता कौशल कुमार तथा हुलास पंचायत के मुखिया अनिल सरदार विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय को आदर्श विद्यालय के रूप में चयनित होने पर बधाई देते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। विद्यालय के प्रधानाध्यापक तरुण राज ने कहा कि आदर्श विद्यालय के रूप में चयनित होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इससे छात्रों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story