55 किमी पैदल चलकर बाबा विदेश्वर नाथ का करेंगे जलाभिषेक, 500 से अधिक कांवरियों ने निकाली यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
55 किमी पैदल चलकर बाबा विदेश्वर नाथ का करेंगे जलाभिषेक, 500 से अधिक कांवरियों ने निकाली यात्रा


सुपौल, 25 सितंबर (हि.स.)। अनंत पूजा के अवसर पर शुक्रवार को मरौना प्रखंड के बेलही गांव से बाबा विदेश्वर नाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए भव्य कांवर यात्रा निकाली गई।

यात्रा में बेलही, गम्हरिया, रतनसारा सहित आसपास के गांवों के 500 से अधिक श्रद्धालु कांवर लेकर शामिल हुए। कांवरियों ने निर्मली की तिलयुगा नदी से जल भरा और पैदल लोहना स्थित बाबा विदेश्वर नाथ महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए।

श्रद्धालुओं को करीब 55 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी है। लोहना पहुंचने के बाद कांवरिये बाबा विदेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। कांवर लेकर आगे बढ़ रहे श्रद्धालु लगातार भगवान शिव के जयकारे लगाते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

स्थानीय श्रद्धालु राम विलास साफी, राजेंद्र साह, विष्णु नारायण मंडल, उमाकांत मंडल, भोला मंडल और पंचदेव मंडल ने बताया कि बेलही गांव से अनंत पूजा के अवसर पर कांवर यात्रा निकालने की परंपरा करीब 30 वर्षों से चली आ रही है। प्रत्येक वर्ष बेलही, गम्हरिया, रतनसारा समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होते हैं।

आयोजकों ने बताया कि कांवरिये निर्धारित दूरी पैदल तय कर लोहना पहुंचेंगे। वहां बाबा विदेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक करने के साथ पूजा-अर्चना करेंगे। 500 से अधिक श्रद्धालुओं के एक साथ कांवर यात्रा में शामिल होने से शुक्रवार को क्षेत्र का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story