भव्य शोभायात्रा के साथ 54वें मिथिला विभूति पर्व का आगाज, मुख्यमंत्री समेत सात विभूतियां सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
भव्य शोभायात्रा के साथ 54वें मिथिला विभूति पर्व का आगाज, मुख्यमंत्री समेत सात विभूतियां सम्मानित


दरभंगा, 22 नवंबर (हि.स.)। महाकवि विद्यापति के निर्वाण दिवस कार्तिक धवल त्रयोदशी के अवसर पर रविवार को 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। विद्यापति चौक स्थित महाकवि की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ. बैद्यनाथ चौधरी बैजू के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, संस्थान के अध्यक्ष प्रो. शशिनाथ झा, पं. कमलाकांत झा, डॉ. बुचरू पासवान, मीना झा सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान मिथिला की महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया गया।

अपराह्न में नागेंद्र झा स्टेडियम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तीन दिवसीय समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री समेत सात विभूतियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिथिला विभूति सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित होने वालों में साहित्यकार जगदीश प्रसाद मंडल, रसन चौकी वादक महेंद्र राम, सामाजिक कार्यकर्ता मन्नु चौधरी एवं रतन कुमार झा तथा चिकित्सक डॉ. बिजेंद्र मिश्र शामिल रहे। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को संस्थागत सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह के दौरान स्मारिका 'अर्पण', पुस्तक 'मिथिलाक गाम' के तीसरे खंड तथा डॉ. बैजू के अभिनंदन ग्रंथ 'विराट्-बैजू' का लोकार्पण भी किया गया।

आयोजन के दूसरे दिन सोमवार को 'जेन जी आ मिथिला' विषय पर राष्ट्रीय सेमिनार एवं कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जबकि तीसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मिथिला की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपरा की झलक प्रस्तुत

की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781520 Articles

Share this story