विभिन्न जाति एवं समाज की 53 सफल प्रतिभाओं को सम्मानित कर सामाजिक एकता का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
विभिन्न जाति एवं समाज की 53 सफल प्रतिभाओं को सम्मानित कर सामाजिक एकता का दिया संदेश


दरभंगा, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जातीय सीमाओं से ऊपर उठकर प्रतिभाओं को सम्मान देने की अनूठी पहल रविवार को दरभंगा में देखने को मिली। वैश्य सूड़ी समाज समिति, दरभंगा की ओर से आयोजित सर्वजातीय प्रतिभा सम्मान समारोह में विभिन्न जाति एवं समाज की 53 सफल प्रतिभाओं को एक मंच पर सम्मानित किया गया। नीट, जेईई मेन, बीपीएससी, सीए, सहायक प्रोफेसर, बैंकिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित कर सामाजिक एकता एवं सद्भाव का संदेश दिया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अमरनाथ गामी ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान ही समाज का सम्मान है। यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि प्रतिभा, परिश्रम और सफलता का उत्सव है। अलग-अलग जातियों के बच्चों को एक मंच पर सम्मानित कर आयोजकों ने भाईचारे, एकता एवं शांति का सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

पूर्व एमएलसी सुमन महासेठ ने कहा कि वैश्य सूड़ी समाज समिति ने अनूठा आयोजन कर समाज को जोड़ने का प्रयास किया है। सामाजिक एकता एवं सद्भाव के लिए ऐसे कार्यक्रम आवश्यक हैं।

समारोह में नीट उत्तीर्ण 17, जेईई मेन के छह एवं बीपीएससी में सफल आठ प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सीए के दो, सहायक प्रोफेसर के दो एवं बैंकिंग सेवा में चयनित दो प्रतिभाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों के कुल 53 सफल लोगों को सम्मान मिला।

खास बात यह रही कि सम्मान पाने वाली प्रतिभाओं के साथ सम्मान देने वाले मंच पर भी विभिन्न जाति एवं समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। एमआरएम कॉलेज की प्राचार्य प्रो. पुष्पम नारायण, डॉ. सूरज नायक, प्रो. कविता नायक, डॉ. श्यामचंद्र गुप्ता, ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष रंजीत झा, मारवाड़ी समाज के जिलाध्यक्ष विनोद सरावगी, कायस्थ समाज के शैलेंद्र सिन्हा, रोनियार समाज के राष्ट्रीय युवा सचिव अंकुर गुप्ता एवं लोहार समाज के जिलाध्यक्ष शिवनाथ शर्मा ने विचार रखे।

तेली समाज के संतोष साहू, पासी समाज के किशोरी महतो, सिंधी समाज के जय लखवानी एवं पासवान समाज के विजय पासवान सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। अध्यक्षता रामनाथ पंजियार ने की। स्वागत भाषण प्रमंडलीय अध्यक्ष सुनील गड़ाई ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष अजय पंजियार ने किया।

समारोह में यह संदेश दिया गया कि प्रतिभा किसी एक जाति या समाज की पहचान नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश की ताकत है। प्रतिभाओं को सम्मान एवं अवसर देकर सामाजिक सद्भाव के साथ आगे बढ़ाना ही इस पहल का उद्देश्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story