घर में छिपाकर रखा था गांजा, भेजने की फिराक में था तस्कर; एसटीएफ व जी.बी. नगर पुलिस ने दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
घर में छिपाकर रखा था गांजा, भेजने की फिराक में था तस्कर; एसटीएफ व जी.बी. नगर पुलिस ने दबोचा




सीवान, 04 अक्टूबर (हि.स.)। सीवान जिले के जी.बी. नगर थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और जी.बी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उसरी गांव में छापेमारी कर 5.05 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने उसके घर से गांजा के अलावा एक डिजिटल तराजू और मोबाइल भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जी.बी. नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उसरी गांव निवासी प्रकाश कुमार, पिता राजकुमार सिंह, अपने घर में भारी मात्रा में गांजा लाकर रखा है। वह गांजा को कहीं भेजने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही जी.बी. नगर थानाध्यक्ष पु.अ.नि. मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

टीम जब उसरी गांव में प्रकाश कुमार के घर के पास पहुंची तो पुलिस बल को देखते ही एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिसकर्मियों और एसटीएफ टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रकाश कुमार बताया।

इसके बाद पुलिस टीम ने उसके घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पीले रंग के प्लास्टिक के झोले में रखा कुल 5.05 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही गांजा की तौल के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक डिजिटल तराजू और उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

मामले में जी.बी. नगर थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। पुलिस मामले में गांजा की खरीद-बिक्री और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।

कार्रवाई में जी. बी. नगर थानाध्यक्ष पु.अ.नि. मनोज कुमार सिंह, पु.अ.नि. उपेन्द्र कुमार सिंह सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मी, एसटीएफ टीम और जिला आसूचना इकाई के अधिकारी व कर्मी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story