बक्सर में चार नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ, उच्च शिक्षा को मिली नई दिशा

WhatsApp Channel Join Now
बक्सर में चार नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ, उच्च शिक्षा को मिली नई दिशा


बक्सर, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बुधवार को एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। चक्की, चौगाई, केसठ और ब्रह्मपुर प्रखंड में नवस्थापित चार डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ किया गया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यभर के 211 नए डिग्री कॉलेजों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया।

बक्सर जिले का मुख्य उद्घाटन समारोह केसठ प्रखंड के रघुनाथपुर पंचायत स्थित केएचके प्लस-2 उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जहां जिला पदाधिकारी साहिला ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नए महाविद्यालयों के खुलने से जिले के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को अपने घर के निकट ही स्नातक स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों में पढ़ाई के लिए जाने की आवश्यकता कम होगी और उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा।

जिला पदाधिकारी ने सफल आयोजन के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि ये चारों महाविद्यालय बक्सर को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, डुमरांव अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story