मायागंज अस्पताल के पास से 45 वर्षीय व्यक्ति लापता, तलाश में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
मायागंज अस्पताल के पास से 45 वर्षीय व्यक्ति लापता, तलाश में जुटी पुलिस


भागलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के समीप से एक 45 वर्षीय व्यक्ति के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। लापता व्यक्ति की पहचान पड़ोसी राज्य झारखंड के देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरसडीहा गांव निवासी गंगाधर कापरी के रूप में की गई है।

इस घटना को लेकर लापता व्यक्ति की बहन सोनी देवी ने स्थानीय बरारी थाना में लिखित आवेदन देकर भाई की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस से गुहार लगाई है। थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, गंगाधर कापरी का मानसिक संतुलन पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रहा था। इसी सिलसिले में परिजन उन्हें बेहतर इलाज कराने के उद्देश्य से भागलपुर लेकर आए थे।

परिजनों ने बताया कि बीती 9 सितंबर 2026 की रात मायागंज अस्पताल के समीप से गंगाधर अचानक कहीं चले गए और वापस नहीं लौटे। घटना के बाद से ही चिंतित परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, संभावित ठिकानों और अस्पताल के आसपास के तमाम इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। हार मानकर पीड़ित परिवार ने बरारी थाना पुलिस की शरण ली है।

पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की है और मामले की छानबीन करते हुए लापता व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story