44 साल बाद एशियन गेम्स में स्वर्ण: यह जीत बेटियों के खेल भविष्य के लिए नई प्रेरणा: श्रवण कुमार
भारतीय महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत पर बिहार हॉकी के अध्यक्ष ने दी हार्दिक बधाई
पटना, 03 अक्टूबर (हि.स.)। एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 1–0 से पराजित कर 44 वर्षों बाद स्वर्ण पदक हासिल किया है। टीम की इस उपलब्धि पर ग्रामीण विकास विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री, जदयू विधायक दल के नेता सह बिहार हॉकी संघ के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने शनिवार काे बयान जारी कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक जीत ने भारतीय महिला हॉकी के गौरवशाली इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। यह स्वर्ण पदक देश की बेटियों की मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना का प्रतीक है। इस विजय से देशभर के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों को अपने सपनों को साकार करने की नई प्रेरणा मिलेगी।
मंत्री श्रवण कुमार ने पूरे बिहार की ओर से भारतीय महिला हॉकी टीम को सलाम करते हुए कहा कि आपने देश का मान बढ़ाया है।
उल्लेखनीय है कि निर्णायक मुकाबले में लालरेम्सियामी के गोल और गोलकीपर सविता पूनिया के शानदार बचाव ने भारत को एशिया का चैंपियन बनाया है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण एवं सचिव राणा प्रताप सिंह, संघ के सभी पदाधिकारियों एवं खेल परिवार ने भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, कप्तान, कोचिंग स्टाफ एवं सपोर्ट स्टाफ को बधाई दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

