मदरसे में मिठाई-समोसा खाने के बाद चार छात्राएं बेहोश, एक की मौत
सुपौल, 08 सितंबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के बसबिट्टी वार्ड नंबर-19 स्थित जामियअतुस सालिहात एजुकेशनल ट्रस्ट में संचालित निजी मदरसे में मिठाई और समोसा खाने के बाद चार छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 10 वर्षीय छात्रा अल्फिशा की मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश पर शिक्षा विभाग की टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। मृत छात्रा की पहचान नेमुआ निवासी कमरे आलम की पुत्री अल्फिशा के रूप में हुई है। बताया गया कि अल्फिशा करीब डेढ़ से दो वर्षों से मदरसे के परिसर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। सोमवार को उसकी मां उससे मिलने मदरसा पहुंची थीं। बताया गया कि मां बच्ची के लिए मिठाई और समोसा लेकर आई थीं। उनके वापस लौटने के बाद अल्फिशा समेत चार छात्राओं ने उक्त खाद्य पदार्थ खाया। कुछ ही देर बाद छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गईं।
बीमार छात्राओं में आफिया, सहाना खातून, हलीमा सादिया और अल्फिशा शामिल बताई गई हैं। घटना के बाद मदरसा परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रबंधन ने आनन-फानन में सभी छात्राओं को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान अल्फिशा की हालत गंभीर हो गई और उसकी मौत हो गई। अन्य छात्राओं का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चलने की जानकारी सामने आई है।छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मदरसा परिसर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मदरसा संचालक, शिक्षकों एवं अन्य लोगों से पूछताछ की। सदर एसडीपीओ ने भी प्रबंधन से घटना की जानकारी ली।
एक साथ चार छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के कारण पुलिस खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला फूड प्वाइजनिंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस का कहना है कि चिकित्सकीय जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहु भी एसडीपीओ एवं थाना प्रभारी राम सेवक रावत के साथ मदरसा पहुंचे। उन्होंने प्रबंधन एवं वहां मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। साथ ही छात्राओं के रहने, पढ़ाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसडीएम मनोहर साहु ने बताया कि मदरसे में बड़ी संख्या में छात्राएं आवासीय रूप से रहकर पढ़ाई करती हैं। एक छात्रा की मौत हुई है, जबकि अन्य छात्राओं के अस्पताल में भर्ती है। प्रशासन की ओर से अस्पतालों में भर्ती छात्राओं के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

