सुपौल में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय बालिका कराटे चैंपियनशिप संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय बालिका कराटे चैंपियनशिप संपन्न


सुपौल, 22 नवंबर (हि.स.)। मल्टी पर्पस इंडोर स्टेडियम, सुपौल में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालय (अंतर प्रमंडल) बालिका कराटे चैंपियनशिप 2026-27 का समापन शनिवार को हो गया। खेल विभाग, बिहार पटना, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण तथा जिला प्रशासन सुपौल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-19 आयु वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों के बीच मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में बालिका खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग की खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल किए। प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-19 वर्ग के मुकाबलों के बाद विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं की सूची जारी की गई।

अंडर-14 वर्ग में शंकर अद्रिशा, अंजना गुप्ता, आराध्या कुमारी, अनामिका कुमारी, अर्नवी सिन्हा, मिष्टी कुमारी, वीरा रानी, सबा खातून, पारिधि सिंह और माही कुमारी ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में अदिति चंद्रा, आकांक्षा कुमारी, सिद्धि पांडेय, समृद्धि राज, अंशिका कुमारी, कनीज सारा अली, नैन्सी कुमारी, साक्षी कुमारी, सोनाली कुमारी, प्रतिभा कुमारी एवं सुहाना कुमारी सहित कई खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

अंडर-19 वर्ग में यामिनी कृष्ण मूर्ति, अनुष्का भारती, मुस्कान कुमारी, दीपिका सिंह, विशाखा कुमारी, शैव्या, त्रिशा कीर्ति, मीना कुमारी, जानवी राय, अक्षशा इफ्तेहाल और आराध्या ने विभिन्न भार वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में रजत एवं कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया।

समापन अवसर पर जिलाधिकारी सुपौल सावन कुमार, भा.प्र.से. एवं जिले के वरीय पदाधिकारियों ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर बालिकाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, आत्मविश्वास बढ़ाना तथा खेल के प्रति रुचि विकसित करना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story