भागलपुर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 17.49 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 17.49 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ बिहार पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिटी एसपी अतुलेश झा ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि ईशाकचक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 17.49 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है।

गिरफ्तार तस्करों में मोनू कुमार, मुकेश कुमार और गुरुदेव कुमार शामिल है। मौके से एक डिजिटल तराजू और 4,300 रुपया नकद भी बरामद किए गए हैं।

सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, बरामद किया गया नशीला पदार्थ शहर में बिक्री और युवाओं को सप्लाई करने के उद्देश्य से रखा गया था। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेप की डिलीवरी कहां से हुई थी और इसके पीछे किस बड़े सप्लायर या सिंडिकेट का हाथ है। पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

सिटी एसपी ने सख्त लहजे में कहा कि खासकर युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले अवैध कारोबारियों पर पुलिस की पैनी नजर है। इस सफल कार्रवाई के बाद से इलाके के नशा माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी पूरी कड़ाई से जारी रहेगा। फिलहाल, तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story