स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर' अभियान के तहत 371 लीटर विदेशी शराब और बोलेरो जब्त

WhatsApp Channel Join Now
स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर' अभियान के तहत 371 लीटर विदेशी शराब और बोलेरो जब्त


भागलपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष महाअभियान “स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर” के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। शिवनारायणपुर थाना पुलिस ने बीते देर रात छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक बोलेरो गाड़ी को जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामपुर की तरफ से आने वाले मार्ग से एक बोलेरो गाड़ी में छिपाकर अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षककी निगरानी तथा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक और कहलगांव-02 के पुलिस उपाधीक्षक एवं शिवनारायणपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र की सभी मुख्य सड़कों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान रामपुर के समीप एक बोलेरो आती दिखी। पुलिस के सशस्त्र बल को सामने देखकर तस्कर घबरा गया और अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर मौके से भागने में सफल रहा।

पुलिस ने जब लावारिस हालत में छूटी बोलेरो गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें से 371.520 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। इस मामले में पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है और सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई (अग्रतर कार्रवाई) शुरू कर दी है। पुलिस फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story