मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के तहत 345 नए कलाकारों को पेंशन की स्वीकृति

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के तहत 345 नए कलाकारों को पेंशन की स्वीकृति


पटना, 09 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार सरकार राज्य की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और कलाकारों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के तहत कुल 345 नए कलाकारों को अक्टूबर 2026 से 3,000 प्रतिमाह पेंशन देने की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके साथ ही योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त करने वाले कलाकारों की कुल संख्या बढ़कर 756 हो गई है।

योजना के तहत अब कुल 756 कलाकारों को प्रतिमाह 3,000 की दर से पेंशन दी जाएगी। इस प्रकार कलाकारों को सालाना कुल ₹2 करोड़ 72 लाख 16 हजार की राशि पेंशन के रूप में प्रदान की जाएगी। यह पहल आर्थिक रूप से जरूरतमंद कलाकारों को सहयोग देने और उनकी कला-साधना को निरंतर बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

इसके अतिरिक्त, चार कलाकारों को वाद्य यंत्र खरीदने के लिए कुल 1,96,000 की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। वहीं, दो कलाकारों को इलाज के लिए 2,82,082 की सहायता राशि देने की मंजूरी दी गई है। इन निर्णयों का उद्देश्य कलाकारों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उनकी कला-साधना और व्यक्तिगत कल्याण के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर माननीय मंत्री, कला एवं संस्कृति डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी कलाकार की प्रतिभा और साधना प्रभावित न हो। कलाकार हमारी सांस्कृतिक धरोहर के संवाहक हैं। उनके सम्मान, सहयोग और कल्याण के लिए बिहार सरकार आगे भी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।”

कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार राज्य के कलाकारों को प्रोत्साहन देने, उनकी आजीविका को सहयोग प्रदान करने तथा लोक एवं शास्त्रीय कला परंपराओं को संरक्षित और संवर्धित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story