बहादुरगंज में कंटेनर से 34 मवेशी बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार, चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now
बहादुरगंज में कंटेनर से 34 मवेशी बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार, चालक फरार


किशनगंज, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले में बहादुरगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 34 मवेशी बरामद किए हैं।

इस दौरान पुलिस ने एक कथित मवेशी तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि कंटेनर चालक पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर फरार चालक व वाहन मालिक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद बहादुरगंज थाना पुलिस ने एनएच-327 ई पर बाघमारा के समीप वाहन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान उत्तर प्रदेश नंबर UP21CN4688 वाले एक संदिग्ध कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस की कार्रवाई देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में उसने अपनी पहचान इकबाल हुसैन, निवासी शिकारपुर, जिला पश्चिम चंपारण (बेतिया) के रूप में बताई। कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें 34 मवेशी अमानवीय तरीके से ठूंसकर बांधे हुए मिले।

पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए गवाहों की मौजूदगी में कंटेनर एवं मवेशियों की विधिवत जब्ती सूची तैयार की। प्रारंभिक जांच में मामला संगठित मवेशी तस्करी से जुड़ा प्रतीत होने की बात सामने आई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी इकबाल हुसैन, फरार कंटेनर चालक तथा वाहन मालिक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मवेशियों को आवश्यक देखभाल के लिए सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story