बंगाल से आ रही कार से 323.7 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल से आ रही कार से 323.7 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार


किशनगंज, 03 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार में शराबबंदी के बावजूद बंगाल के रास्ते शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में किशनगंज पुलिस ने कुर्लीकोट थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 323.7 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है।

पुलिस ने मौके से शराब तस्करी में शामिल कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। तस्करी में इस्तेमाल मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सोमवार की शाम कुर्लीकोट थाना क्षेत्र के पिपरीथान चौक के पास संध्या गश्ती दल वाहन जांच कर रहा था। इसी दौरान बंगाल की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक सफेद रंग की कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक पुलिस को देखते ही कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा।

इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा करते हुए चुरलीगुड़ी के समीप एनएच-327ई पर कार को पकड़ लिया। इस मामले में कुर्लीकोट थाना कांड संख्या 89/2026, दिनांक-02 नवंबर 2026 को बीएनएस की धारा 338, 336(3), 340(2), 317(5), 3(5) तथा बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर शराब तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है।

शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है। मंगलवार को पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य तस्करों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही तस्करी से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। छापेमारी दल में कुर्लीकोट थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, गलगलिया थानाध्यक्ष रवि कुमार, अपर थानाध्यक्ष छोटेलाल मंडल सहित कुर्लीकोट थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771743 Articles

Share this story