30 अगस्त को भागलपुर टाउन हॉल में होगा 'स्नातक मतदाता सम्मान कार्यक्रम': रजनीश

WhatsApp Channel Join Now
30 अगस्त को भागलपुर टाउन हॉल में होगा 'स्नातक मतदाता सम्मान कार्यक्रम': रजनीश


भागलपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में भागलपुर के एक निजी होटल में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एमएलसी प्रत्याशी रजनीश रंजन ने चुनावी बिगुल फूंकते हुए एक बड़ा एलान किया। उन्होंने आगामी 30 अगस्त को भागलपुर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में भव्य 'स्नातक मतदाता सम्मान कार्यक्रम' आयोजित करने की घोषणा की है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रजनीश रंजन ने बताया कि यह कार्यक्रम कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के स्नातक मतदाताओं के सम्मान और उनके साथ सीधे संवाद के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, हमारी पूरी टीम जिले के हर प्रखंड और हर पंचायत में जाकर स्नातक मतदाताओं से लगातार संपर्क कर रही है। सभी को व्यक्तिगत रूप से इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। रंजन ने दावा किया कि 30 अगस्त का यह कार्यक्रम स्नातक मतदाताओं की रिकॉर्ड भागीदारी के साथ ऐतिहासिक साबित होगा।

चुनाव अभियान को गति देते हुए रजनीश रंजन ने वर्तमान एमएलसी के कार्यकाल पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक स्नातकों, शिक्षकों और शिक्षित युवाओं की बुनियादी समस्याओं को सदन में गंभीरता से नहीं उठाया गया है। उच्च शिक्षा की बदहाली, विश्वविद्यालयों में सत्रों (सेशंस) का लेट होना, लचर परीक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और वित्त रहित शिक्षकों की बदहाली जैसे मुद्दों पर अब तक कोई प्रभावी पहल नहीं की गई है। रजनीश रंजन ने मतदाताओं को भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें जनता का समर्थन और आशीर्वाद मिलता है, तो वे बिहार विधान परिषद में स्नातकों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों और शिक्षित युवाओं की आवाज को पूरी मजबूती से बुलंद करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को गिनाते हुए कहा कि वे प्रत्येक जिला मुख्यालय में एक 'स्नातक सहायता केंद्र' खोलेंगे, जहां युवाओं को करियर गाइडेंस, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगार से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां व मदद एक ही छत के नीचे मिल सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story