तीसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now
तीसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल


बेतिया, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जीएमसीएच, बेतिया में देर रात तीसरी मंजिल की खिड़की से गिरकर एक मरीज की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। हादसे ने अस्पताल में भर्ती मरीजों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतक बैरिया थाना क्षेत्र के तदवा नंदपुर गांव के वार्ड आठ निवासी खेसारी हाजरा के पुत्र छटू पासवान है।

परिजन के मुताबिक, मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देर रात परिजन की आंख लग गई। इसी दौरान मरीज बेड से उठकर चला गया। नींद खुलने पर मरीज को गायब देख परिजन ने तलाश शुरू की। बाद में कंट्रोल रूम पहुंचने पर उन्हें हादसे की जानकारी मिली।

तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मरीज को इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई। अब सवाल है कि सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद मरीज खिड़की तक कैसे पहुंचा और निगरानी में चूक क्यों हुई? हालांकि, हादसे के कारणों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। मृतक की छह पुत्रियां हैं। घटना से परिवार में मातम पसरा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767204 Articles

Share this story