सेफ्टी टैंक में दम घुटने से तीन मजदूर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सेफ्टी टैंक में दम घुटने से तीन मजदूर की मौत


सेफ्टी टैंक में दम घुटने से तीन मजदूर की मौत


भागलपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस जिला नवगछिया के खैरपुर कदवा गांव में बुधवार को सेफ्टी टैंक में दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में बमबम मंडल, जय नंदन मंडल और श्रीलाल मंडल शामिल है।

बताया जा रहा है कि श्रीलाल मंडल सबसे पहले सेफ्टी टैंक के अंदर काम करने उतरे थे। इसी दौरान जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें बचाने के लिए जय नंदन मंडल टैंक में उतरे, लेकिन वे भी बेहोश हो गए। इसके बाद बमबम मंडल तीसरे व्यक्ति के रूप में नीचे गए, लेकिन वह भी बाहर नहीं लौट सके। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चौथे व्यक्ति को रस्सी बांधकर नीचे उतारने की तैयारी की गई, लेकिन उसकी भी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद प्रयास रोक दिया गया।

काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने से पहले ही तीनों ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना सहित तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ ओम प्रकाश और डीसीएलआर भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजन को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

एक साथ तीन मजदूरों की मौत ने इलाके को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग प्रशासन से पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे और सुरक्षा मानकों के सख्त पालन की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story