किशनगंज पुलिस की कार्रवाई में एक महीने में 297 अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज पुलिस की कार्रवाई में एक महीने में 297 अपराधी गिरफ्तार


किशनगंज, 02 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर अपराध, शराब व मादक पदार्थों की तस्करी तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में सितंबर माह के दौरान किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की।

पुलिस की मासिक उपलब्धि रिपोर्ट के अनुसार, 1 से 30 सितंबर तक विभिन्न मामलों में 297 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये मूल्य की 2.164 किलोग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक/हेरोइन) बरामद की गई। साथ ही 1.03 किलोग्राम एमडीएमए और 200 ग्राम गांजा भी जब्त हुआ। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 3943 लीटर विदेशी शराब और 459.6 लीटर देसी शराब बरामद की। वहीं 1.34 लाख रुपये के जाली भारतीय नोट भी जब्त किए गए। हथियार बरामदगी में दो पिस्टल, एक देसी कट्टा, दो मैगजीन और जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस ने एक बड़े लूटकांड का उद्भेदन करते हुए लूटे गए 189 टिन तेल बरामद किए। विभिन्न छापेमारी के दौरान 7,58,915 रुपये भारतीय करेंसी और 4,650 रुपये नेपाली करेंसी भी बरामद हुई। इसके अलावा 20.5 ग्राम सोने के आभूषण, 725 ग्राम चांदी, 196 बोरा यूरिया खाद, 4420 अवैध लॉटरी टिकट, 182 मवेशी और 51 मोबाइल फोन जब्त किए गए।

वाहन जांच एवं अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई में 18 लाख 23 हजार 200 रुपये जुर्माना वसूला गया। इस दौरान 28 बाइक-स्कूटी, 19 ट्रक-ट्रैक्टर, 11 पिकअप व ई-रिक्शा तथा एक स्कॉर्पियो जब्त की गई। बेहतर कार्य करने वाले 106 पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। वहीं लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को दंडित तथा 12 पदाधिकारियों-कर्मियों को निलंबित किया गया। एसपी संतोष कुमार ने कहा कि शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story