ठाकुरगंज में 29 भूमिहीन परिवारों को मिला बंदोबस्ती पर्चा

WhatsApp Channel Join Now
ठाकुरगंज में 29 भूमिहीन परिवारों को मिला बंदोबस्ती पर्चा


किशनगंज, 25 जुलाई (हि.स.)। ठाकुरगंज में सम्राट अशोक भवन के निर्माण के दौरान विस्थापित हुए 29 परिवारों को वर्षों के इंतजार के बाद शनिवार को बड़ी राहत मिली। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा संचालित अभियान बसेरा के तहत इन परिवारों के बीच सरकारी भूमि का बंदोबस्ती पर्चा वितरित किया गया। ठाकुरगंज अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने लाभार्थियों को पर्चा सौंपकर उन्हें भूमि का वैधानिक अधिकार प्रदान किया। जानकारी के अनुसार मौजा नेजागछ, खाता संख्या-515 एवं खेसरा संख्या-1530 की सरकारी भूमि पर प्रत्येक लाभार्थी परिवार के नाम 2.5-2.5 डिसमिल भूमि का बंदोबस्त किया गया है। लंबे समय से पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों के लिए यह पहल नई उम्मीद लेकर आई है। बंदोबस्ती पर्चा मिलने के बाद अब सभी लाभार्थी अपनी जमीन पर स्थायी आवास का निर्माण कर सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान एडीएम अमरेंद्र कुमार पंकज ने कहा कि राज्य सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर भूमिहीन एवं विस्थापित परिवारों को बंदोबस्ती पर्चा वितरित किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य ऐसे परिवारों को भूमि का कानूनी अधिकार देकर उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि 'अभियान बसेरा' भूमिहीन परिवारों के पुनर्वास की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर एडीएम मो. इरफान, बीडीओ आशीष कुमार, अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार, राजस्व पदाधिकारी राहुल कुमार, राजस्व कर्मचारी अमित कुमार तथा नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लाभार्थियों को उनके अधिकारों की जानकारी भी दी और भूमि का सदुपयोग करने की अपील की।बंदोबस्ती पर्चा प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों ने बिहार सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि वर्षों से वे पुनर्वास और अपनी जमीन के अधिकार का इंतजार कर रहे थे। अब अपने नाम से भूमि मिलने के बाद उनके परिवार को स्थायी पहचान, आवास निर्माण का अवसर और सुरक्षित भविष्य का आधार मिल गया है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे और लाभार्थियों को बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story