एयरपोर्ट विस्तार के लिए 27 एकड़ जमीन की जरूरत, 24 एकड़ अधिग्रहण पूरा

WhatsApp Channel Join Now
एयरपोर्ट विस्तार के लिए 27 एकड़ जमीन की जरूरत, 24 एकड़ अधिग्रहण पूरा


किशनगंज, 18 अगस्त (हि.स.)। शहर के खगड़ा स्थित सर्किट हाउस में मंगलवार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने प्रशासनिक एवं संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी नवीन कुमार समेत जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिले में लंबित भूमि अधिग्रहण के मामलों की समीक्षा करते हुए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को गति देने पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान खगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार एवं विकास को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने बताया कि एयरपोर्ट के पूर्ण विकास के लिए कुल 27 एकड़ जमीन की आवश्यकता है। इसमें 24 एकड़ भूमि का अधिग्रहण पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष तीन एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। उन्होंने कहा कि आवश्यक 27 एकड़ जमीन उपलब्ध होने के बाद एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। इससे भविष्य में बड़े व्यावसायिक विमानों की लैंडिंग का रास्ता भी साफ होगा।

बैठक में बहादुरगंज रोड पर निर्माणाधीन फोरलेन सड़क के लिए प्रस्तावित नए पुल के निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया। वहीं, प्रस्तावित सीआईएसएफ ट्रेनिंग सेंटर के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने में विभाग की ओर से सहयोग जारी रखने की बात कही गई। बढ़ते यातायात और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए वर्तमान बस स्टैंड के बड़े पैमाने पर विस्तार की योजना पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा खगड़ा मेला परिसर के विकास को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कला एवं संस्कृति विभाग की योजना के तहत शहर में आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण प्रस्तावित है।

बैठक में इसे खगड़ा मेला परिसर के एक हिस्से में बनाने पर सहमति बनी। वहीं, सुरक्षा और व्यवस्थित आयोजनों को ध्यान में रखते हुए खगड़ा मेला मैदान के चारों ओर बाउंड्री वॉल निर्माण कराने का भी निर्णय लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story