भागलपुर प्रक्षेत्र के 260 एएसआई बने सब-इंस्पेक्टर, कंधों पर चमकेंगे दो सितारे
भागलपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। बिहार पुलिस में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे पुलिस पदाधिकारियों के लिए राहत और उत्साह भरी खबर है। पूर्वी क्षेत्र (भागलपुर प्रक्षेत्र) के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय ने रेंज के सैकड़ों जांबाज पुलिसकर्मियों को बड़ा तोहफा दिया है।
आईजी कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के तहत प्रक्षेत्र के तीनों पुलिस जिलों और प्रशिक्षण केंद्र में तैनात कुल 260 सहायक अवर निरीक्षकों को पुलिस अवर निरीक्षक के उच्चतर पद का कार्यकारी प्रभार सौंप दिया गया है। आईजी कार्यालय से हरी झंडी मिलने के बाद रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों में सूची भेज दी गई है।
इस प्रोन्नति का लाभ पाने वालों में भागलपुर, बांका और नवगछिया पुलिस जिला सहित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में तैनात एएसआई शामिल हैं। लंबे समय से उच्च पद के प्रभार और प्रमोशन की आस लगाए बैठे इन पुलिस पदाधिकारियों की सूची फाइनल होते ही पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई है। आदेश लागू होने के साथ ही इन सभी अधिकारियों के रैंक और वेतनमान में बढ़ोतरी हो गई है। अब इनके कंधों पर एक स्टार की जगह सब-इंस्पेक्टर के दो सितारे (डबल स्टार) चमकेंगे।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस प्रोन्नति से न केवल पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि प्रक्षेत्र के थानों में लंबित मामलों के अनुसंधान (इन्वेस्टिगेशन) कार्य में भी काफी तेजी आएगी।
दारोगा का प्रभार मिलने के बाद ये अधिकारी अब कानून व्यवस्था के साथ-साथ गंभीर मामलों की जांच के लिए भी अधिकृत हो गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

