कटिहार-मनियान रेलखंड में दोहरीकरण कार्य को लेकर 26 ट्रेनें रद्द, 16 के बदले मार्ग

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार-मनियान रेलखंड में दोहरीकरण कार्य को लेकर 26 ट्रेनें रद्द, 16 के बदले मार्ग


किशनगंज, 15 जून (हि.स.)। कटिहार रेल मंडल के अंतर्गत कटिहार-मनियान-कुरेठा-डंडखोरा-सनोली रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य को अंतिम रूप देने के लिए रेलवे ने 16 से 19 जून तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग एवं नॉन इंटरलॉकिंग कार्य करने का निर्णय लिया है। इस दौरान रेल परिचालन में बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं।

रेलवे ने 26 ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही 16 महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया है, जिससे यात्रियों को अस्थायी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार कटिहार, मनियान, कुरेठा, डंडखोरा और सनोली स्टेशनों के बीच नई सिग्नलिंग एवं इंटरलॉकिंग प्रणाली को चालू करने के लिए विशेष ब्लॉक लिया गया है।

परियोजना पूरी होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों की परिचालन क्षमता बढ़ेगी तथा रेल यातायात और अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगा। ब्लॉक अवधि के दौरान कटिहार-मालदा टाउन पैसेंजर, कटिहार-राधिकापुर पैसेंजर, कटिहार-जोगबनी पैसेंजर, कटिहार-सिलीगुड़ी पैसेंजर सहित विभिन्न डीएमयू सेवाएं और इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत कुल 26 ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेगा। इससे दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यवसायिक यात्राओं पर निर्भर लोगों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं 14 से 19 जून के बीच 16 प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग भी परिवर्तित किया गया है। इनमें रोहतक-कामाख्या एक्सप्रेस, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, पनवेल-न्यू अलीपुरद्वार एक्सप्रेस, गोमतीनगर-कामाख्या एक्सप्रेस तथा देवघर-अगरतला एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं।

इन ट्रेनों का परिचालन निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्गों से किया जाएगा। मार्ग परिवर्तन के कारण अधिकांश ट्रेनें कटिहार-पूर्णिया-अररिया कोर्ट-ठाकुरगंज-सिलीगुड़ी जंक्शन रेलखंड से होकर गुजरेंगी। इससे इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बढ़ने के साथ नव-निर्मित पूर्णिया-ठाकुरगंज रेलखंड पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की संभावना है।

रेल अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पूर्व अपनी ट्रेन का स्टेटस, समय-सारिणी और मार्ग की जानकारी अवश्य जांच लें।

उन्होंने कहा कि ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेकर यात्रा करने से यात्रियों को अनावश्यक परेशानी से बचने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story