25 सितंबर को एक करोड़ कंठों से गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’ का स्वर

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 22 सितंबर (हि.स.)।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 सितंबर को देशभर में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के तहत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। सुबह 11 बजे देश के लाखों स्थानों पर एक साथ एक करोड़ से अधिक लोग राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन करेंगे।

विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान ने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। मंगलवार को विद्या भारती बिहार के कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विद्या भारती बिहार क्षेत्र के संगठन मंत्री ख्यालीराम जी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि देशभर में संचालित विद्या भारती के 25000 विद्यालय इस ऐतिहासिक अभियान के प्रमुख केंद्र होंगे। इन विद्यालयों में अध्ययनरत करीब 30 लाख विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक सामूहिक गायन में शामिल होंगे। इसके साथ ही विद्या भारती से जुड़े करीब 25 लाख पूर्व छात्रों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

क्षेत्र संगठन मंत्री ने बताया कि ‘नमामि भारतम्’ के नाम से आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए उत्तर बिहार प्रांत सहित देशभर के सभी जिलों में विशेष समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रभावना को जन-जन तक पहुंचाने का महाभियान है। एक साथ एक करोड़ कंठों से ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष देश की एकता, अखंडता और मातृभूमि के प्रति समर्पण का संदेश देगा।

दक्षिण बिहार प्रांत में 1030 स्थानों पर होगा ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विद्या भारती की दक्षिण बिहार इकाई, भारती शिक्षा समिति, बिहार के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने बताया कि ‘नमामि भारतम्’ आयोजन को विद्यालयों की सीमाओं से बाहर निकालकर समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की योजना है। इसके लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है, ताकि 25 सितंबर को एक करोड़ कंठ एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का स्वर बुलंद कर सकें।

उन्होंने बताया कि दक्षिण बिहार के विभिन्न जिलों में करीब 1030 स्थानों पर ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दक्षिण बिहार में लगभग पांच लाख लोग सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेंगे।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए विद्यालयों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं से भी संपर्क किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को 25 सितंबर को एक साथ राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से जोड़ना है। कार्यक्रम को लेकर संबंधित विद्यालयों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

पत्रकार वार्ता में विद्या भारती बिहार के सोशल मीडिया प्रमुख ओमप्रकाश कुमार, प्रांतीय कार्यालय प्रमुख रामचंद्र आर्य एवं मीडिया समन्वयक मनोज कुमार उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story