सांसद सिग्रीवाल की अध्यक्षता में गठित हुआ 25 सदस्यीय संरक्षण मंडल
सारण, 05 अप्रैल (हि.स.)। जलालपुर में आगामी 25 मई से 1 जून 2026 तक आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत ज्ञान कथा अनुष्ठान सह श्रीराम कथा की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल की अध्यक्षता में एक बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य इस आध्यात्मिक आयोजन की रूपरेखा तैयार करना और इसे ऐतिहासिक बनाना था।
सांसद की अध्यक्षता में आयोजन के सुचारू संचालन हेतु एक 25 सदस्यीय संरक्षण मंडल का गठन किया गया। इस मंडल में आध्यात्मिक गुरुओं, समाजसेवियों और प्रबुद्ध जनों को स्थान दिया गया है, जिनमें दामोदर दास जी, महंथ अखिलेश्वर पर्वत, पूर्व विधायक चोकर बाबा, मधुसूदन दूबे, विजय कुमार सिंह और अजय सिंह पूर्व शिक्षा पदाधिकारी शामिल हैं। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश तिवारी, पूर्व मुखिया तारकेश्वर सिंह, डॉ. कौशल्या कुमारी सहित दिल्ली पुलिस के सर्वजीत सिंह और राहुल मेहता जैसे सदस्यों ने आयोजन को भव्य बनाने हेतु अपने विचार साझा किए।
सांसद सिग्रीवाल ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र में भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कथा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

