सीवान में साड़ी दुकान में लगी आग, लगभग 25 लाख की संपत्ति जलकर राख
सीवान, 16 जुलाई (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र के दरबार सिनेमा के समीप स्थित साड़ी दुकान में लगी भीषण आग में करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई।
घटना के बाद पीड़ित दुकानदार शेषनाथ मिश्रा ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि वर्षों की मेहनत और जीवनभर की पूंजी कुछ ही घंटों में राख हो गई। उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
शेषनाथ मिश्रा ने बताया कि बुधवार की रात वह रोज की तरह दुकान बंद करने से पहले मुख्य बिजली आपूर्ति (एमसीबी) बंद कर ताला लगाकर घर चले गए थे। उस समय दुकान में सब कुछ सामान्य था।
गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे आसपास के लोगों का फोन आया कि उनकी दुकान से धुआं और आग की तेज लपटें निकल रही हैं। सूचना मिलते ही वह परिवार के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि पूरी दुकान आग की चपेट में थी। अग्निशमन विभाग की टीम और स्थानीय लोग आग बुझाने में जुटे हुए थे।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
आग में बड़ी मात्रा में साड़ियां, रेडीमेड कपड़े, फर्नीचर, काउंटर, कंप्यूटर, बिलिंग मशीन, सीसीटीवी सिस्टम, बिजली के उपकरण सहित अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया।
दुकानदार ने बताया कि इस अगलगी में करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का अंतिम आकलन अभी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन दुकान बंद करने से पहले उन्होंने स्वयं एमसीबी बंद कर दी थी। ऐसे में आग कैसे लगी, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से घटना के वास्तविक कारणों की जांच कराने के साथ आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वह दोबारा अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
उन्होंने कहा कि यही दुकान उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थी। घटना के बाद आसपास के व्यापारियों ने भी पीड़ित व्यवसायी को सांत्वना दी और प्रशासन से उचित मुआवजा व हरसंभव सहायता देने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

