नेपाल सीमा से सटे 25 प्रतिष्ठान प्रशासन के रडार पर, जल्द होगी बड़ी कार्रवाई
किशनगंज, 20 जून (हि.स.)। नेपाल सीमा से सटे किशनगंज जिले के इलाकों में वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ जिला प्रशासन बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।
जिला प्रशासन, पुलिस एवं विभिन्न एजेंसियों की संयुक्त जांच टीम ने 25 दुकानों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों को चिन्हित किया है, जहां पैसों के लेन-देन, कर संबंधी मामलों और दस्तावेजों में गंभीर गड़बड़ियां पाई गई हैं। इस संबंध में शनिवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि नेपाल से लगी सीमा संवेदनशील होने के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित रूप से संयुक्त जांच अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान 25 प्रतिष्ठानों में संदिग्ध वित्तीय गतिविधियां, टैक्स संबंधी अनियमितताएं तथा कागजातों में हेरफेर के प्रमाण मिले हैं।
एसपी ने बताया कि इन प्रतिष्ठानों से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट संबंधित विभागों को भेज दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और आर्थिक गतिविधियों की निगरानी के लिए पुलिस एवं अन्य एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं। जांच के दौरान कई शिक्षण संस्थानों और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की वित्तीय गतिविधियां भी संदेह के दायरे में आई हैं।
पुलिस को विदेशी फंडिंग के स्रोत और उसके उपयोग को लेकर कई संस्थानों पर शक है। एसपी संतोष कुमार ने कहा कि ऐसे मामलों की भी गहन जांच की जा रही है और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को सीमावर्ती क्षेत्रों में वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

