खेत में करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
खेत में करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप


सुपौल, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरिया पंचायत के बैजनाथपुर वार्ड संख्या-10 निवासी तरुण मंडल के 25 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार की रविवार को खेत में पटवन के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, मिथिलेश अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में बिजली मोटर चलाकर पटवन कर रहे थे। इसी दौरान मोटर का बिजली तार जोड़ते समय वे अचानक करंट की चपेट में आ गए। आसपास काम कर रहे लोगों ने उन्हें तड़पते देखा और परिजनों को सूचना दी।

परिजन आनन-फानन में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल, त्रिवेणीगंज लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक मौजूद नहीं थे। उनका कहना है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए सुपौल के एक निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही मिथिलेश ने दम तोड़ दिया।

परिजनों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सिद्धांत कुमार ने इलाज में लापरवाही के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने बताया कि युवक को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। इमरजेंसी प्रोटोकॉल के तहत जांच में हार्टबीट, पल्स सहित कोई भी जीवन संकेत नहीं मिला।

चिकित्सक के अनुसार युवक को अस्पताल में ब्रॉट डेड अवस्था में लाया गया था।

घटना की सूचना मिलने पर त्रिवेणीगंज थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story