सहयोग शिविर में 22 आवेदन प्राप्त, प्रचार-प्रसार की कमी पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
सहयोग शिविर में 22 आवेदन प्राप्त, प्रचार-प्रसार की कमी पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी


दरभंगा, 07 जुलाई (हि.स.)।

जिला अंतर्गत अलीनगर प्रखंड के मोतीपुर और पकड़ी पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को डीसीएलआर अभिनाश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सहयोग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की।

डीसीएलआर अभिनाश कुमार सिंह ने बताया कि सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को अलग-अलग पंचायतों में ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, भूमि विवाद, पेंशन, आवास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित कुमार मिश्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

पकड़ी पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं मोतीपुर पंचायत सरकार भवन में हेल्प डेस्क पर 10, पंचायती राज विभाग में 4, शिक्षा विभाग में 3, गृह विभाग में 3, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग में 1 तथा बिजली विभाग में 1 आवेदन प्राप्त हुआ। उद्योग विभाग और मनरेगा विभाग में कोई आवेदन नहीं मिला। श्रम एवं जिला नियोजन विभाग के कर्मियों की अनुपस्थिति के बावजूद इन विभागों से तीन आवेदन प्राप्त हुए।

शिविर के दौरान ग्रामीणों ने प्रचार-प्रसार की कमी का मुद्दा भी उठाया। पूर्व मुखिया कुलदीप यादव ने कहा कि अधिकांश लोगों को शिविर की सूचना समय पर नहीं मिली, जिससे कई जरूरतमंद ग्रामीण इसका लाभ लेने से वंचित रह गए। उन्होंने भविष्य में गांव-गांव माइकिंग और व्यापक प्रचार-प्रसार की मांग की।

ग्रामीण अमर क्रांति ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी शिविर की पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई। सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिलने पर कुछ लोग पहुंचे, लेकिन अधिकांश ग्रामीण जानकारी के अभाव में नहीं आ सके।

ग्रामीणों ने पकड़ी पंचायत सरकार भवन तक जाने वाली सड़क पर कीचड़ और जलजमाव तथा परिसर में चापाकल नहीं होने की समस्या भी उठाई। उन्होंने कहा कि इन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में शिविर में आने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। ग्रामीणों ने भविष्य में बेहतर प्रचार-प्रसार, सड़क की मरम्मत और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story