सारण में ऑपरेशन मुस्कान के तहत 218 लोगों को मिले उनके खोए मोबाइल
सारण, 06 जून (हि.स.)। पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बीते एक महीने में गुम या चोरी हुए कुल 218 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए हैं।
सीईआईआर पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, इस शानदार उपलब्धि के साथ सारण जिला पूरे बिहार में लगातार सर्वाधिक मोबाइल वितरित करने वाला जिला बना हुआ है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार बरामद मोबाइलों में से 81 मोबाइल जिले के 06 प्रमुख थानों द्वारा खोजे गए हैं। इसमें नगर थाना ने सर्वाधिक 20, सोनपुर ने 16, मुफ्फसिल ने 14, गड़खा ने 11 तथा भगवानबाजार और डेरनी थाना ने 10-10 मोबाइल बरामद किए।
सभी थाना प्रभारियों ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से पीड़ितों को थाने बुलाकर उनके खोए मोबाइल सौंपे और उनके चेहरे पर मुस्कान लौटाई।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

