ठाकुरगंज में 200 भूमिहीन परिवारों को मिला बासगीत पर्चा

WhatsApp Channel Join Now
ठाकुरगंज में 200 भूमिहीन परिवारों को मिला बासगीत पर्चा


किशनगंज, 20 नवंबर (हि.स.)। ठाकुरगंज प्रखंड में भूमिहीन परिवारों को जमीन का अधिकार दिलाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। प्रखंड मुख्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पंचायतों के करीब 200 भूमिहीन परिवारों के बीच बासगीत पर्चा वितरित किया गया। पर्चा मिलने के साथ ही इन परिवारों के लिए जमीन पर मालिकाना हक प्राप्त करने का रास्ता साफ हो गया। वर्षों से जमीन के छोटे से टुकड़े के लिए सरकारी दफ्तरों का चक्कर लगा रहे लाभुकों के चेहरे पर पर्चा मिलते ही खुशी झलक उठी।

कार्यक्रम में ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने कहा कि करीब 200 भूमिहीन परिवारों को जमीन का अधिकार मिलना बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी, उनकी पूरी टीम और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया। विधायक ने कहा कि डीएम इस कार्य की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारी जमीन पर उतरकर काम कर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि लंबे समय से अपने अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों को बासगीत पर्चा मिल सका है।

विधायक ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। फरवरी से पहले 400 से 500 और परिवारों को बासगीत पर्चा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, अगले पांच वर्षों में कम से कम 15 हजार गरीब भूमिहीन परिवारों को पर्चा उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन परिवारों को बासगीत पर्चा मिला है, उन्हें जल्द प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपनी जमीन पर पक्का मकान बनाकर सम्मानजनक जीवन जी सकें। कार्यक्रम में बीडीओ आशीष कुमार, अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, जदयू नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story