महानंदा नदी में स्नान करने के दौरान युवक लापता

WhatsApp Channel Join Now
महानंदा नदी में स्नान करने के दौरान युवक लापता


किशनगंज, 13 अगस्त (हि.स.)। सदर प्रखंड अंतर्गत गाछपाड़ा पंचायत के खाड़ी बस्ती गांव में गुरुवार को महानंदा नदी में स्नान करने के दौरान एक 20 वर्षीय युवक गहरे पानी में जाने के बाद लापता हो गया। लापता युवक की पहचान खाड़ी बस्ती निवासी दिलीप यादव के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ नदी किनारे जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार गुरुवार को महानंदा नदी में स्नान करने गया था। स्नान करने के दौरान वह नदी के गहरे पानी में चला गया और अचानक लापता हो गया। उसके साथ मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और लापता युवक की तलाश शुरू कर दी। टीम द्वारा नदी में सर्च अभियान चलाकर युवक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक राहुल कुमार का कोई सुराग नहीं मिल सका था। प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के मौसम में महानंदा नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही नदी का बहाव भी तेज हो जाता है। ऐसे में गहरे पानी में जाने से हादसे की आशंका बनी रहती है। घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से नदी में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतने और गहरे पानी में नहीं जाने की अपील की है। परिजन युवक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में नदी किनारे डटे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story