डोरीगंज के चिरांद में 19वें गंगा महाआरती का हुआ आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
डोरीगंज के चिरांद में 19वें गंगा महाआरती का हुआ आयोजन


डोरीगंज के चिरांद में 19वें गंगा महाआरती का हुआ आयोजन


डोरीगंज के चिरांद में 19वें गंगा महाआरती का हुआ आयोजन


डोरीगंज के चिरांद में 19वें गंगा महाआरती का हुआ आयोजन


सारण, 30 जून (हि.स.)।

जिले में डोरीगंज पुरातात्विक स्थल चिरांद के बंगाली बाबा घाट पर ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर 19वें चिरांद चेतना महोत्सव सह गंगा गरिमा रक्षा संकल्प समारोह का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि बिहार सरकार के कला-संस्कृति एवं खनन विभाग मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाहक डॉ मोहन सिंह और छपरा विधायक छोटी कुमारी ने संयुक्त रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण बनारस से आए 11 बटुकों द्वारा किया गया शंखनाद, मंत्रोच्चार और भजनों के बीच मां गंगा की भव्य महाआरती रही। महाआरती के अलौकिक दृश्य ने वहां उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को पूरी तरह भक्ति-रस से सराबोर कर दिया। इसके पश्चात सांस्कृतिक मंच पर कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं, जिसमें कथक नृत्यांगना अनिशा कुमारी के नृत्य प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाह डॉ मोहन सिंह ने कहा कि आज इस महाआरती में सम्मिलित होकर आप सभी ने हिंदुत्व और भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें केवल गंगा ही नहीं, बल्कि समाज के सभी जल स्रोतों, मठ-मंदिरों, गलियों और चौराहों को साफ-सुथरा व सुरक्षित रखने का दृढ़ संकल्प लेना होगा। जब हम अपने घर के वातावरण को आदर्श बनाएंगे और अपनी संस्कृति पर गर्व करेंगे, तभी इस पवित्र आरती का वास्तविक पुण्य फल प्राप्त होगा।

इस अवसर पर गंगा समग्र के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष और मुख्य अतिथि मंत्री प्रमोद कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने ऐतिहासिक चिरांद के पुरातात्विक महत्व को रेखांकित करते हुए मां गंगा की अविरलता, स्वच्छता और उसकी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए जन-भागीदारी को सबसे आवश्यक बताया। छपरा विधायक छोटी कुमारी ने गंगा की स्वच्छता की रक्षा के संकल्प को दोहराते हुए क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो परमेंद्र कुमार वाजपेयी, श्रीलक्ष्मण किलाधीश महंत मैथिली रमन शरण महाराज और देवेंद्र ब्रह्मचारी महाराज समेत कई संत उपस्थित थे। इसके साथ ही चिरांद विकास परिषद के संस्थापक सदस्य रामदयाल शर्मा, कृष्णकांत ओझा, संघ के विभिन्न आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारी एवं भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संयोजन गंगा समग्र उत्तर बिहार के सह संयोजक व चिरांद विकास परिषद के सचिव श्रीराम तिवारी ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story