छठ महापर्व की खुशियां मातम में बदलीं, गंगा की उपधारा में डूबा 18 वर्षीय युवक

WhatsApp Channel Join Now


भागलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)।

जिले के नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के बलहा गांव के सामने सोमवार सुबह लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन के दौरान सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया।

गंगा नदी की उपधारा में डूबने से एक 18 वर्षीय युवक लापता हो गया है। लापता युवक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव निवासी संजय पंडित के पुत्र अमरजीत कुमार उर्फ टीटू (18 वर्ष) के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए बलहा गांव के सामने गंगा घाट पर एकत्रित हुए थे। पूजा-अर्चना और अर्घ्य के क्रम में ही अमरजीत गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जब तक घाट पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते और उसे बचाने का प्रयास करते, वह नदी की तेज धार में लापता हो गया। घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। नारायणपुर के अंचल अधिकारी आशीष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन को युवक के डूबने की सूचना प्राप्त हुई है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सघन खोजबीन अभियान चलाया जा रहा है। उधर, इस घटना के बाद से लापता युवक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777913 Articles

Share this story