18वें रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज, थंडर स्ट्राइकर्स ने 7 विकेट से दर्ज की शानदार जीत

WhatsApp Channel Join Now
18वें रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज, थंडर स्ट्राइकर्स ने 7 विकेट से दर्ज की शानदार जीत


पटना, 01 अगस्त (हि.स.)। 18वें रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार आगाज शनिवार को श्रीकृष्णा क्रिकेट मैदान, खेमनीचक में हुआ।

उद्घाटन मुकाबले में रॉयल रूल्स ने आशा बाबा क्रिकेट एकेडमी को रोमांचक मुकाबले में 6 रन से हराकर जीत के साथ अभियान की शुरुआत की। दूसरे मुकाबले में थंडर स्ट्राइकर्स ने लक्ष्य क्रिकेट एकेडमी को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

इससे पहले आईपीएस रणधीर वर्मा फाउंडेशन की ओर से सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट का उद्घाटन युवा भाजपा नेता अभिमन्यु यादव और बक्सर जिला क्रिकेट एसोसिएशन की अध्यक्ष वर्षा पांडेय ने संयुक्त रूप से किया।

बतौर मुख्य अतिथि अभिमन्यु यादव ने कहा कि रणधीर प्रसाद वर्मा एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के साथ साथ एक उम्दा क्रिकेट खिलाड़ी भी थे | अविभाजित बिहार के समय बिहार क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष भी रहें I आज मरकर भी हमलोग के बीच दिव्यप्रकाश पुंज की तरह अजेय है I

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल रूल्स ने निर्धारित 21 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 109 रन बनाए। टीम के लिए आदित्य राज ने 25 और अभि आकर्ष ने 23 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी आशा बाबा क्रिकेट एकेडमी की टीम 20.2 ओवर में 103 रन पर सिमट गई। युवराज भट ने 44 और प्रशांत कुमार ने 19 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण टीम जीत से 6 रन दूर रह गई। रायल रूल्स के आदित्य सैनी ने 4 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

आदित्य सैनी को घातक गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस अवसर पर भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश श्रीवास्तव 'राजू', सहसंयोजक विकास कुमार गोल्डी, कंचन कुमारी, कोषाध्यक्ष विकास सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी डॉ. अभिराम शर्मा माैजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story