एक महीने में 184 गिरफ्तारी, 21 मवेशी मुक्त और 6 चोरी की बाइक बरामद

WhatsApp Channel Join Now
एक महीने में 184 गिरफ्तारी, 21 मवेशी मुक्त और 6 चोरी की बाइक बरामद


किशनगंज, 03 जून (हि.स.)। जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए किशनगंज पुलिस द्वारा मई माह में व्यापक अभियान चलाया गया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध बालू खनन, शराब तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी, गृहभेदन तथा मोटरसाइकिल चोरी के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान संचालित किया गया। इसके साथ ही वाहन जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।

बुधवार को पुलिस द्वारा जारी मासिक उपलब्धि रिपोर्ट के अनुसार 1 से 31 मई 2026 के बीच जिले में एक पुलिस मुठभेड़ हुई। इस दौरान कुल 184 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। वाहन जांच अभियान के तहत विभिन्न मामलों में 36 लाख 4 हजार 750 रुपये की शमन राशि वसूली गई। अभियान के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मिस फायर कारतूस और छह खोखा बरामद किए। मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 2 किलो 5.88 ग्राम हिरोइन, स्मैक जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई गई है।

इसके अलावा 2,197.36 लीटर विदेशी शराब, 167.4 लीटर देशी शराब तथा 825 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया। वाहन जब्ती अभियान के तहत एक ट्रक, एक ट्रैक्टर, दो कार और दो पिकअप वाहन जब्त किए गए। वहीं चोरी की छह मोटरसाइकिलें, एक साइकिल और 34 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में 21 मवेशियों को मुक्त कराया गया। पुलिस ने चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों में तांबे की तीन थालियां, एक कलाई घड़ी, एक चांदी की चेन, एक स्टील का कड़ा, एक चाकू, एक कैंची, एक पेचकस, एक सलाई रिंच तथा 12 बंडल बिजली के तार भी बरामद किए। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो डिजिटल मशीनें, 1,430 लॉटरी टिकट और कालाबाजारी से जुड़े 62 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। विदेशी मुद्रा के रूप में कतर, भूटान, मलेशिया, सऊदी अरब और चीन की मुद्रा के साथ 1.24 लाख रुपये भारतीय तथा 1.45 लाख रुपये नेपाली मुद्रा भी बरामद की गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा है कि अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story