15 अगस्त को लेकर आरपीएफ का विशेष निगरानी अभियान, ट्रेनों व स्टेशन परिसर में बढ़ाई गई सतर्कता
बक्सर, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के दौरान बक्सर रेलवे स्टेशन पर लावारिस हालत में पड़े चार बैगों से 22 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त को आरपीएफ पोस्ट बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के दिशा-निर्देशन में विशेष टीम स्टेशन परिसर एवं अप-डाउन दिशा की ट्रेनों में निगरानी कर रही थी। टीम में उपनिरीक्षक विजेंद्र मुवाल, प्रधान आरक्षी राजेश कुमार, आरक्षी श्याम नारायण सिंह यादव, आरक्षी सोनालाल यादव एवं प्रधान आरक्षी बृजेश राय शामिल थे।
इसी दौरान करीब 9:30 बजे गाड़ी संख्या 22362 के बक्सर स्टेशन से गुजरने के बाद प्लेटफॉर्म संख्या एक के पूर्वी छोर की ओर चार बैग लावारिस अवस्था में पड़े दिखाई दिए। संदेह के आधार पर बैगों की जांच की गई तो उनमें विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कुल 22 लीटर शराब जब्त की गई।
आरपीएफ ने बरामद शराब को अग्रेतर कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सुपुर्द कर दिया। आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस को लेकर शराब तस्करों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

