ट्रैक्टर पलटने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now
ट्रैक्टर पलटने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, चालक फरार


नवादा, 26 जून (हि.स.)। जिले के नरहट थाना क्षेत्र के चनपुरा-राहुल नगर पथ पर ईट भठ्ठे के समीप शुक्रवार को बिचाली लदा ट्रैक्टर पईन में पलट जाने से उस पर सवार 14 वर्षीय किशोर मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान जमुआरा पंचायत के अखरा गांव निवासी पन्ना लाल राजवंशी के 14 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नरहट ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही जमुआरा पंचायत के सरपंच मनीष रंजन अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने क्षेत्र में नाबालिगों से ट्रैक्टर चलवाने और मजदूरी कराने पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उनके अनुसार, जिस ट्रैक्टर पर बिचाली लदी थी, उस पर चालक समेत सभी मजदूर नाबालिग बताए जा रहे हैं। कम मजदूरी में काम कराने के उद्देश्य से गाड़ी मालिक नाबालिग के हाथ वाहन सौप देते हैं। हादसे के बाद चालक और अन्य लोग मौके से फरार हो गए। सरपंच ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा नाबालिगों से वाहन संचालन और मजदूरी कराने पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story