सुपौल में किशोरी की संदिग्ध मौत, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में किशोरी की संदिग्ध मौत, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य


सुपौल, 16 अगस्त (हि.स.)। त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बरहकुड़वा वार्ड-9 में रविवार को 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। मृतका बरहकुड़वा वार्ड-9 निवासी संतोष सादा की पुत्री सोनी कुमारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।परिजन के अनुसार, किशोरी मोबाइल पर रील बनाने और देखने में काफी समय बिताती थी। शनिवार रात परिजनों ने उसे रील बनाने से मना किया था। इसके बाद नाराज होकर वह अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

परिजन का दावा है कि कुछ समय बाद जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो किशोरी की हालत गंभीर थी। परिजन ने बताया कि उसने अपनी ओढ़नी से फंदा लगा लिया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने रविवार शाम करीब तीन बजे बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। फिलहाल परिजन की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एवं नमूने जुटाए।

पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story