13वां भागलपुर रंग महोत्सव 24 से 26 दिसंबर तक, राष्ट्रीय एकता को समर्पित होगा आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
13वां भागलपुर रंग महोत्सव 24 से 26 दिसंबर तक, राष्ट्रीय एकता को समर्पित होगा आयोजन


भागलपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर रंग ग्राम जन सांस्कृतिक मंच द्वारा संस्कृति के विकास, लोक कला, रंगकर्म और राष्ट्रीय एकता को समर्पित ‘13वां भागलपुर रंग महोत्सव 2026’ का आयोजन आगामी 24 से 26 दिसंबर तक किया जाएगा। महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर भागलपुर रंग महोत्सव आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को श्रीप्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में स्थानीय एसएमएस स्कूल, बुढ़ानाथ चौक में संपन्न हुई।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस वर्ष की आयोजन तिथियों पर मुहर लगाई। मीडिया प्रभारी धीरज शर्मा और सुनील रंग ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्षों की तरह इस बार भी महोत्सव में राष्ट्रीय स्तर पर बहुभाषी लघु नाटक, नुक्कड़ नाटक, लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य और भव्य रंग जुलूस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस तीन दिवसीय महोत्सव में देशभर के कलाकार अपनी लोक कला और रंगकर्म के माध्यम से सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का मजबूत संदेश देंगे।

सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव की तैयारियों को और व्यापक रूप देने के लिए भारत के विभिन्न प्रदेशों की नामचीन कला संस्थाओं से संपर्क साधा जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य इस महोत्सव को वास्तविक मायनों में राष्ट्रीय एकता का अनूठा प्रतीक बनाना है, जहां पूरे देश की संस्कृति की झलक एक मंच पर देखने को मिल सके। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से कपिल देव रंग, पंकज कुमार सिंह, अंकित कुमार सिंह, नीतीश कुमार, मनीष कुमार, मोहम्मद तकी अहमद, जावेद, विनोद कुमार रंजन, तरुण किरण, देवाशीष बनर्जी, डॉ. सुमन सोनी, उमा घोष, राजीव राज सिंह, तापस घोष और सुनील कुमार रंग सहित कई गणमान्य सदस्य और रंगकर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story