सुखानी में 136 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सुखानी में 136 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार


किशनगंज, 12 अगस्त (हि.स.)। शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुखानी थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान 136 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक टेम्पो को जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार दोनों आरोपी अररिया जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सुखानी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल की ओर से एक टेम्पो में शराब की खेप लाई जा रही है सूचना के आधार पर पुलिस ने इंडियन ढाबा के सामने हाइवे पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान बंगाल की ओर से आ रहे हरे रंग के टेम्पो (रजिस्ट्रेशन नंबर BR38P5664) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान टेम्पो से 136 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से टेम्पो चालक सूरज मंडल, निवासी अररिया, और कृष कुमार, निवासी जयप्रकाश नगर, थाना व जिला अररिया, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप अररिया जिले ले जाई जा रही थी। पुलिस अब शराब के स्रोत और इसे खपाने वाले नेटवर्क का पता लगाने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।

मामले में सुखानी थाना कांड संख्या 46/2026 दर्ज कर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शराब के साथ टेम्पो और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष मन्नु कुमारी सहित पुलिसकर्मी शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story