मोदी सरकार के 12 वर्षों में बदली देश की तस्वीर और तकदीर : आनंद मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार के 12 वर्षों में बदली देश की तस्वीर और तकदीर : आनंद मिश्रा


सीवान, 13 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे 12 साल बेमिसाल अभियान के तहत शनिवार को सीवान में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं बक्सर विधायक आनंद मिश्रा ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुई विकास यात्रा ने देश की तस्वीर ही नहीं, बल्कि तकदीर भी बदल दी है। जनता के अटूट विश्वास के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार देश की सेवा कर रहे हैं. केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है।

आनंद मिश्रा ने जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जन औषधि केंद्र, स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसी योजनाओं को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत भारत डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में विश्व का अग्रणी देश बन चुका है तथा 5जी नेटवर्क देश के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेनों, मेट्रो रेल, एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्गों और उड़ान योजना ने देश की कनेक्टिविटी को नई गति दी है। वहीं आत्मनिर्भर भारत अभियान, पीएलआई योजना और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे प्रयासों से भारत विनिर्माण क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज भारत मोबाइल निर्माण और तकनीकी उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और आतंकवाद व नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई ने देश की सुरक्षा को मजबूत किया है। रक्षा उत्पादन और ब्रह्मोस मिसाइल जैसे उत्पादों के निर्यात से भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प शीघ्र ही साकार होगा और भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में अपनी भूमिका और मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे.बिहार विधान परिषद सदस्य सच्चिदानंद राय ने भी केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में हुए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में मुख्यरूप से भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नन्दप्रसाद चौहान, लालबाबू कुशवाहा, अनुराधा गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, कुन्दन सिंह, देवेंद्र गुप्ता, भाजपा मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक अजित कुमार लालबाबू तिवारी सौमिल उपाध्याय सहीत दर्जनों कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story