मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जंगली बाबा शिव मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक
सीवान, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और विकास के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को गोरेयाकोठी प्रखंड के हेयातपुर स्थित जंगली बाबा शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व गोरेयाकोठी के विधायक देवेश कान्त सिंह ने किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य तथा राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
पूजन के बाद विधायक देवेश कान्त सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, आत्मनिर्भर भारत और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
इस अवसर पर राजीव रंजन पांडेय, रंजीत कुमार, प्रमोद तिवारी, त्रिभुवन सिंह, कुबेर प्रसाद, श्याम किशोर तिवारी, सोनू सिंह, मृत्युंजय सिंह, सत्येंद्र सिंह, राकेश पांडेय, पीयूष श्रीवास्तव, ज्योति प्रकाश, अखिलानंद सिंह, प्रशांत चौधरी, विनय गिरी, रंजय गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

