सुपौल में 12 वर्षीय किशोरी ने फंदे से लटककर की आत्महत्या
सुपौल, 25 मई (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के हरिहरपट्टी पंचायत स्थित भगवानपुर वार्ड संख्या-5 में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के बाद 12 वर्षीय किशोरी ने कथित तौर पर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। मृत बच्ची की पहचान श्रीलाल सदा की पुत्री काजल कुमारी के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि रविवार की शाम घर में खाना बनाने को लेकर काजल की अपनी मां से कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद वह नाराज होकर अपने कमरे में चली गई। देर रात तक परिवार के लोगों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
सोमवार सुबह जब काफी देर तक काजल कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को चिंता हुई। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई हलचल नहीं होने पर घरवालों ने दरवाजा खोला। कमरे के भीतर काजल को फंदे से लटका देख परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया।
काजल के निधन से परिवार पूरी तरह टूट गया है। आसपास के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। बताया जा रहा है कि वह आठ भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को लेकर भी गांव में चर्चा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

