सारण पुलिस के पिछले 48 घंटे के विशेष अभियान में 116 आरोपित गिरफ्तार
सारण, 29 जुलाई (हि.स.)। सारण जिले में अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों की धरपकड़ और अवैध शराब के खिलाफ वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए 48 घंटे के विशेष अभियान में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। इस कार्रवाई के दौरान कुल 116 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पिछले 48 घंटे में चलाए गए जिलेव्यापी विशेष अभियान में 30 वारंटी, ग्यारह शराब कारोबारी, चौदह शराब सेवन करने वाले, हत्या के प्रयास के आठ, अपहरण के दो, हत्या, चोरी, खनन तथा पोक्सो एक्ट के एक एक अभियुक्त सहित सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुँचाने वाले 47 लोग गिरफ्तार किए गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2,164 लीटर से अधिक अवैध शराब जिसमें 2,094 लीटर स्प्रीट, 55.5 लीटर देशी व चौदह लीटर विदेशी शराब शामिल है जप्त की। साथ ही चार मोटरसाइकिल, एक पिकअप, एक स्कूटी, एक पीला बालू लदा ट्रक तथा पांच अपहृत/अपहृता को सकुशल बरामद किया गया।
यातायात सुरक्षा और अपराध रोकथाम को लेकर चलाए गए वाहन जांच अभियान में कुल 91 वाहनों से 1,08,000 रुपये की अर्थदण्ड राशि वसूल की गई। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

